
विद्युत पोल के स्टे तार में उतरे करंट से भैंस की मौत, किसान ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
रायबरेली जनपद के गदागंज उपकेंद्र अंतर्गत अंबारा फीडर के सुदामापुर गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गांव में लगे विद्युत पोल के स्टे तार में पानी भर जाने से करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से एक किसान की लगभग 50 हजार रुपये मूल्य की भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में पीड़ित किसान संतराम सिंह पुत्र श्रीपाल ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्टे तार की उचित सुरक्षा और मरम्मत न किए जाने के कारण यह हादसा हुआ है। किसान का कहना है कि यदि समय रहते विभाग द्वारा जरूरी सावधानी बरती जाती, तो इस नुकसान से बचा जा सकता था।
पीड़ित किसान ने बताया कि भैंस पानी के पास गई थी, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने एहतियातन बिजली आपूर्ति काट दी। वहीं घटना के बाद पीड़ित किसान का कहना है कि दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करे और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।











