
गदागंज में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, महाशिवरात्रि–होली–रमजान को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान
गदागंज (रायबरेली)। आगामी महाशिवरात्रि, होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गदागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला अधिकारी डलमऊ सत्येंद्र सिंह एवं क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान थाना प्रभारी दयानंद तिवारी भी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों व गणमान्य नागरिकों की भारी संख्या में सहभागिता रही।
उप जिला अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं सम्मानित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि पर्व हमारी सामाजिक एकता के प्रतीक हैं, इसलिए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। यदि कोई अराजक तत्व या उपद्रवी व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने निर्देश दिए कि होलिका दहन केवल पूर्व से चिन्हित स्थानों पर ही किया जाए तथा किसी भी विद्युत लाइन या ट्रांसफार्मर के आसपास होलिका न जलाई जाए। उन्होंने डीजे संचालकों को भी चेतावनी दी कि निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करें और अश्लील या भड़काऊ गीत न बजाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में दरोगा अनिल कुमार शर्मा, वीरेंद्र यादव, मोहम्मद मुकरिम, ग्राम प्रधान शिवनारायण मौर्य, प्रधान प्रतिनिधि हरकेश सिंह, पुष्कर सिंह, मेराजुल हसन फारूकी, ग्राम प्रधान मोबीन अंसारी (धमधमा) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रधान एवं सम्मानित लोग उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।










