
CRS NEWS लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के तहत आमजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक-एक फरियादी की समस्याएं स्वयं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे लखनऊ आने से पहले अपनी समस्याओं को जनपद व मंडल स्तर पर तैनात अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि यदि वहां समाधान न हो सके, तभी राजधानी आएं। सरकार की प्राथमिकता है कि पीड़ितों की समस्याओं का समाधान जनपद स्तर पर ही हो।
उद्यमियों की समस्याओं पर सख्त रुख
जनता दर्शन में आए उद्यमियों की शिकायतों को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) एवं जिला प्रशासन को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाया गया है और सिंगल विंडो सिस्टम जैसी पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू हैं। निवेश और उद्योग विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा पर सकारात्मक संकेत
कार्यक्रम के दौरान एक नागरिक द्वारा प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य करने की मांग रखी गई। मुख्यमंत्री ने
इस सुझाव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा में खेल और शारीरिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बच्चों से आत्मीय संवाद
जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी कक्षा के बारे में पूछा और पढ़ाई के साथ खेलकूद पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा, “मन लगाकर पढ़ो, खूब खेलो और खिलते रहो।” इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अवैध कब्जों और पुलिस से जुड़े मामलों में भी निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








