
गदागंज पुलिस ने कछुआ तस्करी में वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र में पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने कछुआ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि दिनांक 19 फरवरी 2026 को पुलिस ने भुरकशापुर घाट के पास से कछुआ तस्करी में संलिप्त अभियुक्त रामाशंकर पाल पुत्र राम हरक निवासी विश्वासा थाना रामगंज, जनपद अमेठी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 14 जीवित एवं 1 मृत कछुआ बरामद किया गया था। तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज किया था। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
उक्त मामले में एक अन्य अभियुक्त मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी ने बताया कि कछुआ तस्करी में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त राजावारी (उम्र 23 वर्ष) पुत्र सनी निवासी ग्राम मेहसुआ थाना कोतवाली देहात जनपद सुल्तानपुर को जलालपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक बिरेंद्र कुमार एवं कांस्टेबल रोहितास शामिल रहे।
पुलिस द्वारा वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है तथा इस प्रकार के अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।










