
CRS NEWS : रायबरेली: जिले के रानीखेड़ा इलाके में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के कमरे के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोशन के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक के पिता छेदालाल ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति और उसके बेटों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पड़ोसी की भैंस पूर्व में गुम हो गई थी, जिसे लेकर वह अक्सर उनके परिवार पर आरोप लगाता रहता था। इसी रंजिश के चलते रोशन की सुनियोजित हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों के अनुसार रोशन शुक्रवार रात कमरे में सोने गया था, लेकिन शनिवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आया। दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब परिजन किसी तरह कमरे के अंदर पहुंचे तो रोशन जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।इस संबंध में थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ जारी है।
घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।










