
CRS NEWS : लखनऊ। वासंतिक नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान को और मजबूत करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान (फेज–05, द्वितीय चरण) का शुभारंभ कर दिया है। यह विशेष अभियान 19 मार्च से शुरू होकर एक माह तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, नवरात्र के दौरान मंदिरों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
अभियान के तहत पुलिस, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, नगर विकास सहित कुल 13 विभागों के समन्वय से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, एंटी-रोमियो स्क्वाड को और सक्रिय करते हुए छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार द्वारा ‘पिंक बूथ’ और महिला बीट पुलिस के माध्यम से महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, नगर निकायों में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, महिला हेल्प डेस्क को सशक्त बनाने और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।जिलों में जिलाधिकारियों के सहयोग से साहसिक कार्य करने वाली महिलाओं और युवतियों को सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे समाज में नारी शक्ति के प्रति जागरूकता और सम्मान का संदेश और मजबूत हो सके।
सरकार का यह अभियान न केवल सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सम्मान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।










