
निमंत्रण से लौट रही महिला को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चंपा देवी (पत्नी जगतपाल), निवासी उड़वा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी निमंत्रण कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रही थीं, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, फरार डंपर चालक की तलाश में पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी। कैमरे से जाँच की जा रही है
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।










