
तेज रफ्तार क्रेन की टक्कर से महिला की मौत, पूजा के लिए जा रही थीं
रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय महिला की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, कंदरावा गांव के पास सुबह करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार क्रेन ने सड़क किनारे जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में शकुंतला गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि शकुंतला सुबह पूजा करने के लिए जा रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद क्रेन चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










