
मिशन शक्ति फेस-5 के तहत बालिकाओं को सुरक्षा एवं जागरूकता की दी गई जानकारी
रायबरेली। दिनांक 18 अप्रैल 2026 को जनपद रायबरेली के थाना गदागंज क्षेत्र अंतर्गत स्थित शिवनारायण सिंह विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गौरा में मिशन शक्ति फेस-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को विभिन्न सरकारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 1076, 108, 102, 112 एवं 181 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इनके उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया दुरुपयोग आदि से बचाव के उपाय भी समझाए गए।
कार्यक्रम में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, नारी शक्ति बंधन योजना एवं वृद्धा पेंशन योजना की जानकारी भी दी गई, ताकि छात्राएं एवं उनके परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस जागरूकता कार्यक्रम में SSI मोहम्मद मुकरीम उपनिरीक्षक सर्व देव यादव, महिला कांस्टेबल कल्पना ,महिला कांस्टेबल अनामिका की विशेष सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को सतर्क एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।










