
रायबरेली में नई जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण, पारदर्शी और जनकेंद्रित प्रशासन का दिया भरोसा
रायबरेली। जिले में नई जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने पदभार संभाल लिया है। उनके आगमन पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता तक सरकार की सभी योजनाओं को प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर योजनाओं का लाभ मिले।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण किया जाए। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेने की बात दोहराई।
जिलाधिकारी के इस स्पष्ट और जनहितकारी रुख से जिले के लोगों में नई उम्मीद जगी है कि प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ व संवेदनशील बनेगी।










