
एक बार फिर प्राइवेट अस्पताल में मौत का तांडव!
नवजीवन हॉस्पिटल में महिला की मौत पर बवाल, परिजनों का हंगामा—डॉक्टरों पर गंभीर आरोप
रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र स्थित छोटा घोसियाना के पास बने नवजीवन हॉस्पिटल में एक महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के सैमसी मटेहना निवासी सीमा (35 वर्ष) पत्नी गंगाराम बाइक से गिरकर घायल हो गई थीं। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए एम्स के लिए रेफर किया गया। इसी दौरान एक निजी एंबुलेंस से उन्हें नवजीवन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने सीटी स्कैन सहित करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च कराने के बावजूद सही इलाज नहीं किया। उनका कहना है कि डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही के चलते सीमा की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः मौत हो गई।
इतना ही नहीं, परिजनों ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। आरोप है कि अस्पताल में गंदगी का आलम था, मरीजों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही थीं और सफाई कर्मचारियों की लापरवाही से हालात बदतर थे।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर मौके पर मिल एरिया थाना पुलिस, भारी पुलिस बल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पहुंच गए। एडिशनल सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। परिजनों ने अस्पताल को बंद कराने, संबंधित डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। कुछ देर के लिए रोड जाम करने की भी कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रशासन से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










