
डंपर की टक्कर से DJ गाड़ी हादसे का शिकार: एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
जगतपुर थाना क्षेत्र में मएमऊ नहरिया के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रात लगभग 2:00 बजे की बताई जा रही है, जब एक अनियंत्रित डंपर ने DJ गाड़ी (पिकअप) में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में पिकअप चालक निखिल (उम्र लगभग 21 वर्ष), पुत्र श्री नारायण, निवासी चंदाई चारुहार, थाना गदागंज की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं ऋषि, अभय और ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जगतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां से दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक निखिल अपने साथियों के साथ DJ लेकर गदागंज थाना क्षेत्र के पयागपुर से एक बारात में शामिल होने गौरीगंज, जनपद अमेठी गया था। वापस लौटते समय मएमऊ नहरिया के पास यह हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार, मृतक के बड़े भाई अमन का आज तिलक समारोह होना था, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।










