
CRS NEWS: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों शब्दों के बाण के साथ-साथ, डिजिटल मिसाइलें’ चल रही हैं। अखिलेश यादव और दोनों डिप्टी सीएम के बीच विवाद और बढ़ता नज़र आ रहा है। विकास और सुशासन के दावों के बीच अब यूपी की सियासत में AI की भी एंट्री हो गई है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के बीच की सियासी लड़ाई अब चरम पर पहुंच गई है। विवाद की शुरुआत हुई कुशीनगर के एक वीडियो से, जहां बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर दोनों डिप्टी सीएम एक साथ नजर आए थे। इसी वीडियो को आधार बनाकर सपा के X अकाउंट से एक AI जनरेटेड वीडियो डाला गया और एक ऐसा तंज कसा जिसने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक हलचल मचा दी।
AI वीडियो में दोनों डिप्टी सीएम को योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों तरफ स्टूल पर बैठा दिखाया गया है जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कुर्सी पर बैठा दिखाया गया है। इस वीडियो में दोनों डिप्टी सीएम को मुख्यमंत्री बनने का सपना देखते दिखाया गया।
वहीं इस वीडियो के जारी होते ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने X पर लिखते हुए कहा कि श्री अखिलेश यादव जी, आपको एक नेक सलाह है कि आप गलतफहमियों का शिकार न बनें। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री जी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी और सरकार का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक और मेरे साथ समूचा भाजपा नेतृत्व और हर एक भाजपा कार्यकर्ता चट्टान की तरह एकजुट है।
आपकी ‘सपा को सफा’ करने का हमारा संकल्प अटल है। बांटो और सत्ता हथियाने की आपकी सारी ‘कसरत’ धरी की धरी रह जाएगी। सपा की गुंडागर्दी और अराजकता हमेशा के लिए दफन हो जाएगी। 2017 व 2022 में आपका और आपकी सपा का जो हश्र हुआ था, उससे भी बुरा हाल 2027 में होने जा रहा है। यह गांठ बांध लीजिए।










