
तेज रफ्तार डंपर ने कार को मारी जोरदार टक्कर, कार के उड़े परखच्चे, बाल-बाल बचे कार सवार
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के ऊंचाहार-डलमऊ मार्ग पर शुक्रवार एक तेज रफ्तार डंपर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए, हालांकि कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, देवगनपुर मजरे धूता निवासी प्रेमचंद्र जायसवाल अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे उनकी कार ऊंचाहार-डलमऊ मार्ग पर लल्ली की चक्की के पास पहुंची ही थी कि गदागंज की ओर से तेज गति से आ रहे डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी चार लोग सुरक्षित बच निकले और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही मखदूमपुर चौकी इंचार्ज प्रकाश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। चौकी इंचार्ज ने बताया कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं तथा फरार डंपर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।








