
दो बाइकों की भिड़ंत में युवक गंभीर घायल
रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र में ऊंचाहार–डलमऊ मार्ग पर स्थित कुरौली बुधकर चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, दाऊदपुर गड़ाई निवासी पिंटू (पुत्र दसई), उम्र लगभग 25 वर्ष, अपनी बाइक से जा रहा था तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में गहरी चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दीनशाह गौरा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।









