
*नशे की हालत में कुएं में गिरने से अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम*
महाराजगंज, रायबरेली। महाराजगंज तहसील क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार बावन बुजुर्ग बल्ला गांव निवासी रामखेलावन पुत्र गंगाराम (उम्र लगभग 48 वर्ष) देर शाम नशे की हालत में घर के पास स्थित पुराने कुएं के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह कुएं की दीवार पर बैठने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन अत्यधिक नशे की वजह से संतुलन नहीं बना सके और अचानक कुएं में जा गिरे। कुएं में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद रामखेलावन को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। मृतक काफी नशे में था और संतुलन बिगड़ने के कारण कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने और खुले कुओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।










