
तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, पेड़ गिरने से कई स्थानों पर नुकसान
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम के चलते क्षेत्र के कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया और बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई।
क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण कई ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। गदागंज थाना क्षेत्र के धमधमा गांव निवासी मो. जैद के घर के बाहर लगा नीम का विशाल पेड़ तेज आंधी के चलते अचानक घर पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से घर के मुख्य दरवाजे पर लगा गेट क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं शौचालय की छत भी टूटकर बैठ गई। घटना में परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ।
वहीं क्षेत्र की कई सड़कों पर पेड़ गिर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक रास्ते बाधित रहे, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। तेज हवाओं के कारण बिजली के तार और पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द रास्तों को साफ कराने और बिजली व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। मौसम खराब होने के चलते लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।










