जनगणना-2027 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर व प्रगणक एवं लिपिक सम्मानित, शाहजहांपुर प्रदेश में पांचवें स्थान पर।
शाहजहांपुर, 13 मई। जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना (Self Enumeration) अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर, प्रगणक एवं लिपिकों को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद तिलहर एवं तहसील पुवायां (ग्रामीण) क्षेत्र के उन कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने आवंटित एचएलबी क्षेत्र के शत-प्रतिशत घरों में जाकर स्वगणना का कार्य पूर्ण कराया।

सम्मानित होने वालों में नगर पालिका परिषद तिलहर के सुपरवाइजर हरीशकांत भारद्वाज (एआरपी), प्रगणक आयुषी द्विवेदी (सहायक अध्यापक), आदेश कुमार (अनुदेशक), लिपिक मुकेश बाबू तथा तहसील पुवायां (ग्रामीण) क्षेत्र के सुपरवाइजर मनोज कुमार (सहायक अध्यापक), प्रगणक ममता शुक्ला एवं सुखवंती कौर (शिक्षामित्र) शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सम्मानित कर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वगणना अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने घोषणा की कि सम्मानित सुपरवाइजर एवं प्रगणकों के विद्यालयों को अलग से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विद्यालयों में आवश्यक कार्य कर बेहतर विकास सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जो भी प्रगणक अपने-अपने एचएलबी क्षेत्र में शत-प्रतिशत सेल्फ एन्यूमरेशन पूर्ण करेंगे, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया se.census.gov.in पोर्टल पर 7 मई 2026 से संचालित है, जो 21 मई 2026 तक चलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक जनपद शाहजहांपुर में 71 हजार परिवारों द्वारा स्वगणना की जा चुकी है और जनपद पूरे प्रदेश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
जिलाधिकारी ने 14 मई 2026 को जनपद के समस्त सरकारी, गैर-सरकारी, मान्यता प्राप्त, निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पैरेंट्स मीटिंग आयोजित कर अभिभावकों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं 15 मई 2026 को सभी 1068 ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों पर ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, पंचायत सहायकों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को सेल्फ एन्यूमरेशन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 16 मई 2026 को जनपद के समस्त कोटेदारों के माध्यम से अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों की बैठक कर स्वगणना अभियान को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 18 मई 2026 को समस्त प्राथमिक सहकारी समितियों पर भी सेल्फ एन्यूमरेशन अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी जनपद वासियों से अपील की है कि वह सेल्फ एन्यूमरेशन कर जनगणना कार्य में योगदान दें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रियंका चौधरी मौजूद रहीं।










