
तूफानी आंधी से गदागंज की बिजली गुल, टूटे खंभों से बिजली व्यवस्था ध्वस्त मरम्मत में जुटा विभाग
रायबरेली। जिले के गदागंज थाना क्षेत्र में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे टूटकर गिर गए, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित होने से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली न आने से घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए हैं, वहीं पानी की समस्या भी गहराने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवाओं से बिजली बाधित होने के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और रात के समय लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
आंधी के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई है। कर्मचारी टूटे खंभों और क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त करने का कार्य लगातार कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।
गदागंज के अवर अभियंता नितेश दुबे ने बताया कि तेज आंधी के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभाग की टीम लगातार काम कर रही है और शीघ्र ही बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।










