
शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया बकरीद का पर्व
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के धमधमा, जलालपुर धई, कुरौली बुधकर, मतीनगंज सहित आसपास के कई गांवों में मुस्लिम समुदाय द्वारा बकरीद का पर्व बड़े ही अकीदत, एहतराम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ईदगाह एवं मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इसके उपरांत परंपरागत तरीके से बकरे की कुर्बानी दी गई। पूरे क्षेत्र में सौहार्द एवं भाईचारे का माहौल बना रहा।
बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। डलमऊ उपजिलाधिकारी सतेंद्र सिंह एवं गदागंज थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी भारी पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।










