
CRS NEWS : गाजियाबाद। खोड़ा क्षेत्र में बकरीद के दिन 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के मामले में गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत का शिकार हो गया।
पुलिस के अनुसार, देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी असद अपने एक साथी से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला है। पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
गौरतलब है कि बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुख्य आरोपी असद के मारे जाने के बाद मामले में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और सहयोगियों की तलाश जारी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।










