
मिशन शक्ति फेस-5 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
रायबरेली। आज दिनांक 04 जून 2026 को जनपद रायबरेली के थाना गदागंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोल्हा बुढ़नपुर में मिशन शक्ति फेस-5 (द्वितीय चरण) के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी टोल फ्री नंबरों जैसे 1090, 1076, 108, 102, 112, 181, 101 आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस टीम द्वारा साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय भी बताए गए। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, नारी शक्ति बंधन एवं वृद्धा पेंशन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
महिलाओं को अपने बच्चों, विशेषकर बालिकाओं पर ध्यान देने तथा उनकी समस्याओं को समझने और सुनने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं उपस्थित पुरुषों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा धूम्रपान से दूर रहने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर उप निरीक्षक सर्व देव यादव, महिला आरक्षी कल्पना एवं महिला आरक्षी गीता सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।









