
6 मतों से जीतकर श्याम बाबू मौर्य बने गौरा ब्लॉक सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष
रायबरेली। विकासखंड दीन शाह गौरा में बुधवार को सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। ब्लॉक परिसर में आयोजित इस मतदान प्रक्रिया में कुल 74 मत डाले गए, जिसमें श्याम बाबू मौर्य ने 40 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी राधेश्याम को 6 मतों से पराजित किया। राधेश्याम को कुल 34 मत प्राप्त हुए।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान संघ के अन्य पदों पर भी चयन किया गया, जिसमें रामकरन को मंत्री, रामकुमार को कोषाध्यक्ष, बृजमोहन को संगठन मंत्री तथा नवल किशोर को संरक्षक चुना गया।
पूरी चुनाव प्रक्रिया जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष दिनेश प्रकाश एवं महामंत्री दुर्गेश की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। इस अवसर पर ब्लॉक के सभी 74 सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्याम बाबू मौर्य ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे।









