
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। शहर स्थित फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (एफजीआईटी) में वेतन संबंधी जानकारी मांगना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। आरोप है कि कार्यवाहक प्राचार्य ने शिक्षक के साथ मारपीट कर दी, जिससे उनकी आंख और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित शिक्षक अमरजीत ने बताया कि संस्थान के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यवाहक प्राचार्य मनीष सक्सेना से वेतन के संबंध में जानकारी मांग रहे थे। इसी दौरान प्राचार्य कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। शिक्षक अमरजीत ने स्थिति का वीडियो बनाना शुरू किया, जिससे नाराज होकर प्राचार्य आपा खो बैठे।
आरोप है कि प्राचार्य ने शिक्षक का मोबाइल फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया और मां-बहन की गालियां देते हुए लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में शिक्षक की आंख के नीचे चोट लग गई तथा सिर पर भी गंभीर चोट आई है। शिक्षक का यह भी आरोप है कि प्राचार्य ने उनका गला दबाने का प्रयास किया।घटना के बाद आरोपी प्राचार्य कॉलेज परिसर से फरार हो गया। वहीं संस्थान की कर्मचारी मीनाक्षी सिंह ने बताया कि कर्मचारियों एवं शिक्षकों की वेतन पुस्तिका पर प्राचार्य हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे, जिसके कारण वेतन भुगतान में लगातार देरी हो रही थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










