
CRS NEWS: देश में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की कमियों और युवाओं में बढ़ती बेरोज़गारी जैसे मुद्दों को लेकर नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी देशव्यापी छात्र सम्मेलन अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। अभियान का पहला छात्र सम्मेलन 17 जून को राजस्थान के कोटा में आयोजित होगा, जहां राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
इसके बाद 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना तथा 14 जुलाई को दिल्ली में छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर व्यापक चर्चा करना है।
आयोजकों का कहना है कि हाल के वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही चुनौतियों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे समय में युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
राहुल गांधी इन सम्मेलनों में छात्रों की समस्याओं को सुनेंगे तथा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। अभियान का मुख्य संदेश “Jobs, Justice और Accountability” रखा गया है, जिसके माध्यम से युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा।
छात्र संगठनों और युवाओं में इस अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह पहल छात्रों की आवाज़ को मजबूत मंच प्रदान करने और उनके मुद्दों को राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।









