
गेगासों गंगा पुल हल्के वाहनों के लिए खुला, जुलाई मध्य तक दौड़ेंगे भारी वाहन
रायबरेली से फतेहपुर को जोड़ने वाले गेगासों गंगा पुल से क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से चल रहे मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के बाद प्रशासन ने पुल को हल्के वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया है।
शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुल का स्थलीय निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 1970 के दशक में निर्मित इस पुल के पिलर्स सहित आवश्यक स्ट्रेंथनिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुल पर जल्द ही बेहतर रोशनी के लिए लाइटिंग की व्यवस्था भी कराई जाएगी, जिससे रात्रिकालीन आवागमन और अधिक सुरक्षित हो सकेगा। प्रशासन का दावा है कि यदि सब कुछ निर्धारित योजना के अनुसार रहा तो 10 से 15 जुलाई के बीच पुल को भारी वाहनों के लिए भी खोल दिया जाएगा।
पुल के दोबारा चालू होने से रायबरेली और फतेहपुर के बीच आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार, परिवहन और स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से बड़ी राहत मिलेगी।










