
नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गदागंज थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस हुआ संपन्न
रायबरेली। गदागंज थाना परिसर में शनिवार को नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में क्षेत्र के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 13 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण न होने से फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
समाधान दिवस में पहुंचे कई लोगों ने प्रशासन और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के अभाव में छोटे-छोटे विवाद भी गंभीर रूप ले रहे हैं। लोगों का कहना था कि राजस्व संबंधी मामलों में विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई नहीं होने से विवाद बढ़ते हैं और अंततः कानून-व्यवस्था की स्थिति बनने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ता है।
लाल का पुरवा मजरे सुदामापुर निवासी उत्तरा देवी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके घर के सामने विपक्षी द्वारा घूरा लगाए जाने से गंदगी और दुर्गंध फैली रहती है, जिससे परिवार के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं नेवलगंज मजरे कीरतपुर चरूहार निवासी दिलीप कुमार और राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा बंजर भूमि पर खड़े पेड़ों की अवैध कटान कराई गई है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी, दारोगा विवेक सिंह ,बीरेंद्र यादव कानूनगो राम प्रकाश तिवारी, लेखपाल आलोक अवस्थी, फातिमा बानो, शाश्वत त्रिपाठी,सहित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे










