
रिपोर्ट BY- विपिन राजपूत
CRS NEWS। रायबरेली में ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर डलमऊ स्थित गंगा घाट पर गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए माँ गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम में बड़ा मठ के देवेंद्रानंद जी महराज भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, प्रभागीय निदेशक एवं सदस्य संयोजक जिला गंगा समिति प्रखर मिश्रा भी मौजूद रहे। इस मौके पर प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि ज्येष्ठ पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं आध्यात्मिक चेतना का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा माँ गंगा केवल एक पवित्र नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और जीवनदायिनी शक्ति का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि गंगा महाआरती हमारी आध्यात्मिक परंपराओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। गंगा महाआरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, दीपों की अलौकिक आभा एवं भक्ति रस से ओत-प्रोत भजन-कीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। माँ गंगा की आरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे, जिन्होंने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से आरती में सहभागिता कर माँ गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।










