
व्यक्ति को
मानवता हुई शर्मसार: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में अर्धविक्षिप्त व्यक्ति से महिला सफाई कर्मचारी की मारपीट, वीडियो वायरल
रायबरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात एक महिला सफाई कर्मचारी द्वारा अर्धविक्षिप्त व्यक्ति के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। वीडियो में महिला सफाई कर्मचारी अर्धविक्षिप्त व्यक्ति को लात-घूंसों से पीटते हुए तथा उसके साथ गाली-गलौज करती हुई दिखाई दे रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल में मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि इलाज और मानवीय संवेदनाओं के केंद्र माने जाने वाले अस्पताल में इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले पर जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि संबंधित कर्मचारी दोषी पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर अस्पताल प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।










