
CRS NEWS नई दिल्ली: (Snapchat Love Story) मोहब्बत में सरहदें पार करने की कहानियां अक्सर फिल्मों में सुनी होंगी, लेकिन जब हकीकत में ऐसा होता है, तो उसका नज़ारा कुछ और ही होता है।
ऐसी ही एक कहानी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के जीशान अहमद मीर की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट (Snapchat) पर हुए प्यार की खातिर वह एलओसी (LoC) लांघकर भारत तो आ गया, लेकिन एक महीने की लंबी कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के बाद, उसे वापस पाकिस्तान भेज दिया गया।
डिजिटल इश्क के लिए पार की नियंत्रण रेखा (Line of Control)
पीओके के पंकेडी गांव के रहने वाले जीशान की जम्मू-कश्मीर के उरी की रहने वाली इरम मजीद से स्नैपचैट के जरिए दोस्ती हुई थी। यह डिजिटल दोस्ती जल्द ही गहरे प्यार में बदल गई। अपनी प्रेमिका की एक झलक पाने की चाहत में जीशान ने 31 मई को जान की परवाह किए बिना नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर ली।
जैसे ही वह उरी पहुंचा, भारतीय सेना ने उसे पकड़ लिया। शुरुआत में सेना को लगा कि यह कोई घुसपैठिया है, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद साफ हो गया कि इस पाकिस्तानी युवक का मकसद कोई नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि सिर्फ अपने प्यार से मिलना था।

https://x.com/i/status/2073403154390306909
सिलिकोट गांव में भारतीय सेना ने किया गिरफ्तार
जीशान भटकते हुए एलओसी के करीब स्थित सिलिकोट गांव पहुंच गया था। यह तारों की बाड़ से घिरा एक बेहद संवेदनशील इलाका है, जहां आम लोगों की आवाजाही पर सख्त पाबंदी है। भारतीय सेना ने जब यह पुख्ता कर लिया कि जीशान केवल एक ‘भटका हुआ प्रेमी’ है, उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने जीशान पर अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल होने का मुकदमा दर्ज किया और उसे बारामूला जेल भेज दिया। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने अदालत में अपनी चार्जशीट पेश की थी। अदालत ने मामले की पूरी पृष्ठभूमि और युवक की असली मंशा को समझते हुए केस को बंद करने का आदेश दिया। इसके तुरंत बाद ही उसकी सुरक्षित वतन वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
आखिरी मुलाकात: उरी के कमान पोस्ट पर सिर्फ बहते रहे आंसू
शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे उरी के कमान पोस्ट पर भारतीय अधिकारियों ने जीशान को पाकिस्तानी सेना के हवाले कर दिया। लेकिन सरहद पार करने से ठीक पहले का नजारा बेहद रुला देने वाला था।
अधिकारियों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए जीशान को उसकी प्रेमिका इरम और उसके परिवार से मिलने की छूट दी। वहीं जिशान की प्रेमिका इरम ने बताया कि यह मुलाकात मुश्किल से दो-तीन मिनट की थी। विदाई के वक्त जीशान कुछ बोल नहीं सका, बस उसकी आंखों से लगातार आंसू बहते रहे।









