परिवार परामर्श केंद्र में 18 मामलों की सुनवाई, एक दंपती का हुआ समझौता।
शाहजहाँपुर, 8 जुलाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के निस्तारण हेतु बैठक आयोजित की गई। केंद्र में कुल 18 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें एक दंपती आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर साथ रहने के लिए राजी हो गया।
परिवार परामर्श केंद्र में थाना कलान क्षेत्र के एक दंपती का मामला भी सुनवाई के लिए आया। दोनों की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी पिछले तीन माह से अपने मायके में रह रही थी। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके जेठ द्वारा शराब के नशे में मारपीट की जाती थी तथा पति परिवार के दबाव में रहता है। उसने ससुराल में आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध कराने और सुरक्षित माहौल मिलने पर वापस जाने की सहमति जताई।
वहीं, पति ने पत्नी को साथ ले जाने, उसका पूरा खर्च उठाने तथा परिवार से अलग रहकर वैवाहिक जीवन बिताने की बात कही। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराई गई और आपसी संवाद के बाद दोनों ने सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद दंपती को सकुशल विदा किया गया।
बैठक के दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, मुख्य महिला आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, शीतल चौहान, मोनिका कुमारी, रश्मि चौधरी तथा आरक्षी रिंकू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।











