शाहजहांपुर में सिंथेटिक रंग मिलाकर सौंफ बनाने का भंडाफोड़, 40 कुंतल सौंफ व 8.5 किलोग्राम रंग सीज।


शाहजहांपुर, 8 जुलाई। घटिया सौंफ में सिंथेटिक रंग मिलाए जाने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जलालाबाद क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 40 कुंतल सौंफ और 8.5 किलोग्राम सिंथेटिक रंग सीज किया गया, जबकि बिना खाद्य लाइसेंस के सौंफ निर्माण किए जाने पर प्रतिष्ठान को अगले आदेश तक बंद करा दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 विनीत कुमार के नेतृत्व में तहसील व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुंगारा, जलालाबाद, शाहजहांपुर स्थित होरीलाल के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि घटिया सौंफ में सिंथेटिक रंग मिलाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान दो सौंफ के नमूने तथा एक सिंथेटिक रंग का नमूना नियमानुसार संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा टीम ने केवीपी फूड, जलालाबाद से जीरा का एक नमूना, खुदागंज से लाल मिर्च पाउडर का एक नमूना तथा कटघर स्थित मिस्टर इडली से हल्दी पाउडर का एक नमूना भी लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजा। इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन शाहजहांपुर की टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











