
मुराई बाग में हाईवोल्टेज ड्रामा: डंपर चालक ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप, गिरफ्तारी से बचने के लिए बीच चौराहे पर लेटा
डलमऊ थाना क्षेत्र के मुराई बाग चौराहे पर शुक्रवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक डंपर चालक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बीच चौराहे पर लेटकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। चालक का आरोप है कि पुलिस ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की, जबकि पुलिस का कहना है कि चालक को पूछताछ के लिए पकड़ने का प्रयास किया जा रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचते ही चालक सड़क के बीचोंबीच लेट गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मियों ने चालक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा और कार्रवाई की मांग करता रहा।
घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, चालक द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






