
CRS NEWS AGENCY:-जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं ने बार-बार होने वाले परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनत करने वाले लाखों छात्रों के भविष्य को बर्बाद कर देती हैं। कई युवा छात्रों ने सरकार से जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव भी देखने को मिला। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया, जिससे कई प्रदर्शनकारी घायल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार पर छात्रों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, पारदर्शिता की कमी और सामाजिक-आर्थिक असमानता गंभीर चुनौतियां हैं। उनका आरोप है कि प्रभावशाली और संपन्न वर्ग अपने बच्चों को विदेश भेजने में सक्षम है, जबकि आम छात्र देश की कमजोर व्यवस्था से जूझने को मजबूर हैं।
पुलिस कार्रवाई और दबाव के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी आवाज नहीं सुनती और जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।






