मदरसा नुरुल हुदा से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा बिजलीपुरा।

शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत मदरसा नुरुल हुदा, बिजलीपुरा से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में मदरसे के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व मदरसा नुरुल हुदा के प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां ने किया। यात्रा में विद्यार्थियों और लोगों ने “भारत माता की जय”, “हिंदुस्तान जिंदाबाद”, “इंकलाब जिंदाबाद”, “अशफाक उल्ला खान अमर रहे” तथा “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” के नारे लगाए।
मदरसा नुरुल हुदा से शुरू हुई यात्रा बिजलीपुरा मोहल्ले के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इस दौरान समाजसेवी सरदार राजू बग्गा, समाजसेवी शाहिद खान पहलवान, पार्षद मोहम्मद रजी, इजहार हसन, मोइन खान, मोहम्मद ममनून, शारिक अली खान, सैयद शारिक अली, अब्दुल कादिर, जहूर अहमद, जाहिद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






