डीएम की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा रैली, जनपद की सड़को पर उमड़ा जनसैलाब।

शाहजहांपुर, 13 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को शाहजहांपुर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग से शुरू हुई रैली कचहरी चौराहा, सदर बाजार और टाउन हॉल होते हुए शहीद उद्यान पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और गुब्बारे उड़ाकर किया। राष्ट्रीय गीत के साथ शुरू हुई रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन से पूरा रैली मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 का आयोजन 09 से 17 अगस्त तक पूरे गौरव और उत्साह के साथ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ ही तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रैली में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी भी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। अधिकारियों ने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की अपील की।
डीएम ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान के डिजिटल सेलिब्रेशन में भी भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोग तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर तथा वंदे मातरम का गायन कर उसे हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर अपलोड करें।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की बड़ी भागीदारी के चलते तिरंगा यात्रा शहर में आकर्षण का केंद्र बनी रही। पूरे रैली मार्ग पर लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। रैली के माध्यम से लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।






