
CRS NEWS रायबरेली। सलोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मुन्ना कुरैशी कोडरी के जंगल में छिपा हुआ है और वहां से फरार होने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर सलोन पुलिस टीम ने जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। मामले में आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।







