
जनसेवा में युवाओं ने रात में संभाली विद्युत व्यवस्था, 6–7 गांवों की बिजली समस्या दूर कराने में किया सहयोग
सलोन। क्षेत्र के लगभग 6–7 गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजवादी छात्र सभा के विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक कुमार यादव ने तत्काल पहल करते हुए लाइनमैन मंजित जी से संपर्क किया। इसके बाद युवा साथियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर फाल्ट वाली विद्युत लाइन को खोजने और विद्युत व्यवस्था को सुचारु कराने में सहयोग किया गया।
अभिषेक कुमार यादव ने बताया कि आज शाम क्षेत्र के कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही लाइनमैन मंजित जी से संपर्क कर युवा साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर फाल्ट वाली लाइन को खोजने का प्रयास किया गया। रात के अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद युवाओं ने पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ लाइनमैन के साथ मिलकर विद्युत फाल्ट को खोजने में सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा बाधित होने पर आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समस्या की जानकारी मिलते ही उसका समाधान कराने के लिए मौके पर पहुंचना हमारा सामाजिक दायित्व है।
अभिषेक कुमार यादव ने लाइनमैन मंजित जी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर जनता की समस्या के समाधान के लिए तत्परता दिखाई। साथ ही उन्होंने उन सभी युवा साथियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने रात में बिना किसी स्वार्थ के मौके पर पहुंचकर विद्युत व्यवस्था को सुचारु कराने में सहयोग किया।
उन्होंने कहा, “जनता की समस्या हमारी समस्या है और उसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करना हमारा कर्तव्य है। युवाओं की एकजुटता और सेवा भावना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।”
इस दौरान युवाओं ने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे आगे भी पूरी जिम्मेदारी और सहयोग की भावना के साथ कार्य करते रहेंगे।







