गौरव त्यागी हत्याकांड में चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, DIG की सख्ती के बाद SP ने की कार्रवाई।
हापुड़। गौरव त्यागी हत्याकांड के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी की सख्ती और घटना के बाद दिए गए जांच के निर्देशों के बाद हापुड़ पुलिस अधीक्षक ने चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
बताया गया कि गौरव त्यागी एक जमीनी विवाद से जुड़े मारपीट के मुकदमे में कोर्ट में गवाही देने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों व सरियों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने इसके बाद गौरव के ऊपर बार-बार कार चढ़ाई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस अधीक्षक ने पूर्व और वर्तमान चौकी इंचार्ज के साथ ही बीट से जुड़े पुलिसकर्मियों को भी लाइन हाजिर किया है। घटना के बाद पुलिस की भूमिका और लापरवाही को लेकर सवाल उठे थे।
मेरठ डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वारदात के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच के आदेश दिए थे। जांच और कार्रवाई के क्रम में अब चार पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
नोट-फोटो AI निर्मित है




