परिवार परामर्श केंद्र की पहल से चार दंपतियों में बनी सहमति, साथ रहने को हुए राजी।



शाहजहांपुर, 20 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए सुनवाई की गई। केंद्र में कुल 27 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें आपसी समझाइश और वार्ता के बाद चार दंपतियों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद सभी चार दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में थाना कांट के एक दंपति का करीब एक वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। पत्नी पिछले दो माह से मायके में रह रही थी। दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव था। केंद्र पर दोनों पक्षों की काउंसलिंग और आपसी वार्ता कराई गई। समझाइश के बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और साथ रहने को तैयार हो गए।
थाना तिलहर के करीब पांच वर्ष पुराने वैवाहिक विवाद में पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और बीमारी के दौरान उचित इलाज न कराने का आरोप लगाया था। बातचीत के दौरान पति ने भविष्य में शराब न पीने, पत्नी के साथ मारपीट न करने और उसका उचित रूप से भरण-पोषण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और दंपति को साथ भेज दिया गया।
थाना बंडा क्षेत्र के करीब छह माह पुराने वैवाहिक विवाद में पत्नी ने पति पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। परिवार परामर्श केंद्र में हुई वार्ता के दौरान पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्नी की बात मानने और उसके साथ अच्छे व्यवहार का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान हो गया।
वहीं थाना रोजा क्षेत्र के करीब 20 वर्ष पुराने वैवाहिक विवाद में पत्नी ने पति पर मारपीट करने तथा दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप लगाया था। पति ने भविष्य में पत्नी के साथ मारपीट न करने, उसे सम्मानपूर्वक रखने, किसी अन्य महिला से संबंध न रखने और पत्नी-बच्चों का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और दंपति को सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल से चार परिवारों में आपसी मतभेद दूर कर उन्हें पुनः साथ रहने का अवसर मिला।
इस दौरान म0मु0आ0 चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, निशा मिश्रा, नेहा चौहान, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी तथा आरक्षी विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।






