
बाहर छप्पर के नीचे सो रही थी गृहस्वामिनी, सुबह कमरे का सामान बिखरा मिला; पुलिस ने शुरू की जांच
CRS NEWS लालगंज/रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के पूरे बचन मजरे अंबारा पश्चिम गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। देर रात घर की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए चोर कमरे में रखे सामान को खंगालने के बाद करीब एक लाख रुपये कीमत के जेवरात समेत नकदी पार कर ले गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
बताया गया कि गांव निवासी जमुना देवी पत्नी स्वर्गीय श्रीराम रात में घर के सामने बने छप्पर के नीचे सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने कमरे में रखे सामान और बक्सों को खंगाला। इसके बाद करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
सुबह जब परिजनों की नजर घर के अंदर बिखरे सामान और दीवार में लगी सेंध पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की और रात के समय गांव में संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पूर्व में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। रात के समय बिजली न रहने से अंधेरे का फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमित रूप से पुलिस की गश्त हो तो चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार करने का प्रयास करने की बात कही है।







