
जिला कारागार प्रशासन ने जारी की सूचना, निर्धारित तिथि में किया गया बदलाव
CRS NEWS रायबरेली, 22 अगस्त। जिला कारागार रायबरेली में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात करने वाले परिजनों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। आवश्यक प्रशासनिक कारणों के चलते 24 अगस्त 2026 को होने वाली बंदी मुलाकात स्थगित कर दी गई है। इसके स्थान पर 23 अगस्त 2026, रविवार को बंदियों से मुलाकात कराई जाएगी।
जिला कारागार के अधीक्षक प्रभात सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कारागार में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 अगस्त को बंदियों से मुलाकात होनी थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों के चलते उस दिन मुलाकात की प्रक्रिया बंद रहेगी। बंदियों के परिजनों को असुविधा से बचाने के लिए 24 अगस्त की मुलाकात को एक दिन पहले 23 अगस्त को कराने का निर्णय लिया गया है।
कारागार प्रशासन ने बंदियों के परिजनों से अपील की है कि वे इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए निर्धारित तिथि पर ही जिला कारागार पहुंचें। 24 अगस्त को मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों को मुलाकात नहीं कराई जाएगी। ऐसे में परिजनों को अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए मुलाकात की बदली हुई तिथि की जानकारी पहले से रखने को कहा गया है।
जेल प्रशासन के अनुसार, मुलाकात की व्यवस्था निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत ही संचालित की जाएगी। बंदियों के परिजन 23 अगस्त को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मुलाकात कर सकेंगे। प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से सहयोग की अपेक्षा की है।







