
CRS NEWS रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शनिवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि रायबरेली के लिए यह बड़े सौभाग्य की बात है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 अगस्त को जिले में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान रायबरेली को विकास कार्यों की हजारों करोड़ रुपये की सौगात मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणा की जाएगी, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा शिक्षा, किसानों, गरीबों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला साबित होगा। जिले के लोग और पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा
मंत्री ने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
उन्होंने कहा कि 24 अगस्त रायबरेली के लिए निश्चित रूप से एक बड़ा दिन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और सभी तैयारियां समय से पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।
रायबरेली को मिलेगा भव्य ऑडिटोरियम
डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने रायबरेली में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बड़े ऑडिटोरियम की आवश्यकता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रायबरेली लंबे समय से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिला रहा है और यहां से देश को प्रधानमंत्री भी मिला है, लेकिन इसके बावजूद पिछले करीब तीन दशकों में एक बेहतर और आधुनिक ऑडिटोरियम नहीं बन सका।
उन्होंने कहा कि एफजी कॉलेज में मौजूद ऑडिटोरियम की स्थिति खराब होने के कारण वह बड़े आयोजनों के लिए उपयोगी नहीं रह गया है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से रायबरेली को भव्य और बड़े ऑडिटोरियम की सौगात मिलना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मंत्री ने कहा कि नए ऑडिटोरियम के निर्माण से रायबरेली में सांस्कृतिक, शैक्षिक, सामाजिक और प्रशासनिक स्तर के बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे जिले में कार्यक्रमों के आयोजन को बेहतर मंच मिलेगा और युवाओं, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को रायबरेली के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि 24 अगस्त को जिले को मिलने वाली विकास परियोजनाएं आने वाले समय में रायबरेली की तस्वीर और तकदीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी।







