
CRS NEWS लखनऊ। चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर अंकुश लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है, लेकिन चीनी और अन्य खाद्य पदार्थों के बढ़ते दामों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। मिठाइयों के महंगे होने से त्योहार की खुशियां भी प्रभावित हो रही हैं। महिलाओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब जरूरी सामान लगातार महंगा होता जा रहा है तो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार त्योहार कैसे मनाएंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों का मुंह मीठा कराती हैं और घरों में मिठाइयां व पकवान बनाए जाते हैं। ऐसे में चीनी के दाम बढ़ने का सीधा असर परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक नारेबाजी होती रही। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा। महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं लगाया गया तो वह बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से त्योहारों से पहले आम लोगों को महंगाई से राहत दिलाने की मांग की।







