भारतीय कृषक दल ने किया चुनावी शंखनाद, पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी।

लखनऊ, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भारतीय कृषक दल ने भी चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान करते हुए मंगलवार को अपनी पहली प्रत्याशी सूची जारी कर दी। यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित एडवोकेट ने पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में कटरा विधानसभा क्षेत्र से यूपी प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद यादव ‘जनसेवक’, हरदोई सदर से राज प्रकाश सिंह चौहान, फर्रुखाबाद सदर से सुरेश राठौर, अयोध्या सदर से रामचंद्र सिंह तथा मथुरा सदर से रामसूरत सिंह कुशवाहा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
पार्टी नेतृत्व ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के साथ प्रदेश में चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने का संकेत दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित एडवोकेट ने कहा कि भारतीय कृषक दल आगामी चुनाव में अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ जनता के बीच पहुंचेगा तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों को और विस्तार दिया जाएगा।
पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। भारतीय कृषक दल की ओर से आने वाले दिनों में अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की संभावना है।





