
CRS NEWS लखनऊ। सिविल अस्पताल के आसपास सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने अभियान चलाया। अस्पताल के मुख्य मार्ग के सामने और आसपास लगी अस्थायी दुकानों तथा अन्य अतिक्रमण को हटाया गया। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि अभियान के बाद सड़क पर आवागमन सुचारु हो गया।
बताया गया कि सिविल अस्पताल के सामने सड़क के किनारे दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा अस्थायी रूप से दुकानें व सामान लगाकर रास्ते को संकरा कर दिया गया था। इसके चलते अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से यहां अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती थी।
अस्पताल आने वाले मरीजों को जाम के कारण काफी देर तक वाहनों में फंसे रहना पड़ता था। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस को भी भीड़भाड़ के बीच निकलने में परेशानी होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।
सिविल चौकी प्रभारी के नेतृत्व में अभियान
सिविल चौकी प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया। टीम ने दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर सामान न लगाने की हिदायत दी। अभियान के दौरान पुलिस ने अस्पताल के सामने आवागमन को बाधित करने वाले सामान को भी हटवाया, जिससे सड़क का रास्ता काफी हद तक साफ हो गया।
पुलिस ने दुकानदारों और आसपास के लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अभियान के बाद दोबारा सड़क अथवा अस्पताल के सामने अतिक्रमण किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को देखते हुए सड़क को खाली रखने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के सामने जाम और अतिक्रमण से मरीजों को अनावश्यक परेशानी होती है। ऐसे में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखा जाएगा।







