
CRS NEWS रायबरेली। मुख्यमंत्री की ड्यूटी से लौट रहे पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के स्कॉर्ट काफिले में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में गुलूपुर चौकी के पास आईजी के स्कॉर्ट समेत करीब पांच पुलिस वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आईजी मुख्यमंत्री की ड्यूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान गुलूपुर चौकी के पास काफिले में चल रहे वाहनों के बीच अचानक टक्कर हो गई। एक के बाद एक करीब पांच वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी आलोक कुमार सिंह और सीओ सिटी आशीष निगम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने हादसे में शामिल वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। काफिले में शामिल वाहनों को हुए नुकसान का भी आकलन कराया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद जवानों से जानकारी ली।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







