
CRS NEWS रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के कजियाना ग्राम पंचायत के बाबूरिहा गांव में अराजक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर कीचड़ पोत दिए जाने का मामला सामने आया है। प्रतिमा पर कीचड़ पोते जाने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और बाबा साहब के अनुयायियों में भारी रोष फैल गया। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को ग्रामीणों की नजर गांव में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पड़ी, तो प्रतिमा पर कीचड़ लगा हुआ था। यह देखते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गदागंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रतिमा की सफाई कराकर उसे साफ कराया। पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकत जानबूझकर क्षेत्र का माहौल खराब करने और लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि प्रतिमा पर कीचड़ पोतने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव में आपसी सौहार्द और शांति का माहौल बना हुआ है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने भी लोगों को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







