
CRS NEWS रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान तहसील सदर क्षेत्र के जयारत खुर्मेंवाली निवासी फैय्याज ने अपने गंभीर रूप से बीमार बेटे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।
फैय्याज ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके बेटे का इलाज मुरादाबाद में चल रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह बच्चे के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के पास आयुष्मान कार्ड भी नहीं है, जिससे इलाज के खर्च को लेकर परेशानी और बढ़ गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्रकरण की स्थलीय जांच और पात्रता का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। जांच में परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चे के इलाज की आवश्यकता की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने चाइल्ड केयर एंड प्रोटेक्शन फंड से 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने सहायता राशि का चेक स्वयं फैय्याज को सौंपा। आर्थिक सहायता मिलने पर परिवार ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन का आभार जताया। इस मदद से बच्चे के उपचार में परिवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने अन्य फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को चिह्नित कर उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें इलाज, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।






