
107 स्टार्टअप्स को ₹3.42 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि, 9 इनक्यूबेटर्स को ₹1.79 करोड़ का सहयोग
CRS NEWS लखनऊ। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश के युवाओं के सपनों और उनके नए विचारों को उद्योग एवं रोजगार के अवसरों में बदलने के उद्देश्य से लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति के अंतर्गत बड़ी संख्या में स्टार्टअप्स और इनक्यूबेटर्स को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में 107 स्टार्टअप्स को ₹3.42 करोड़ से अधिक तथा 9 इनक्यूबेटर्स को ₹1.79 करोड़ की प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवा उद्यमियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ ही उनके नवाचार को बाजार तक पहुंचाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद करना है।
स्टार्टअप नीति 2026 की पुस्तिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान ‘उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति 2026’ पुस्तिका का विमोचन किया गया। इसके साथ ही ‘उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन पोर्टल’ का भी शुभारंभ किया गया। इस पोर्टल के माध्यम से स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़ी योजनाओं, सुविधाओं और प्रोत्साहनों की जानकारी उद्यमियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
सरकार की ओर से नए इनक्यूबेटर्स को मान्यता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। वहीं ‘भारत इनोवेट्स’ में चयनित उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप्स को सम्मानित कर उनके नवाचार और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया।
युवाओं के सपनों को मिलेगा मंच
कार्यक्रम में सरकार की ओर से कहा गया कि उत्तर प्रदेश में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल ऐसे मजबूत प्लेटफॉर्म की है, जहां युवाओं के नए विचारों को तकनीक, पूंजी, मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध कराया जा सके। स्टार्टअप नीति के माध्यम से इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सरकार का लक्ष्य प्रदेश में ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां युवा नौकरी तलाशने के बजाय नए व्यवसाय खड़े कर रोजगार देने वाले उद्यमी बन सकें। स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता और इनक्यूबेशन सुविधाएं मिलने से नवाचार आधारित कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है।
निवेश और रोजगार के लिए मजबूत आधार तैयार करने पर जोर
कार्यक्रम में यह विश्वास जताया गया कि प्रदेश के युवा उद्यमी डबल इंजन सरकार के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश को निवेश और रोजगार के लिए एक बेहतर प्लेटफॉर्म बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की स्टार्टअप व्यवस्था को और मजबूत करते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिले।
कार्यक्रम के अंत में सभी लाभार्थी स्टार्टअप्स, इनक्यूबेटर्स और उद्यमियों को बधाई दी गई तथा उनसे नवाचार, उद्यमिता और रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।







